रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद के ग्राम भटेवरा कलां निवासी पूर्व प्रधान व सपा नेता दिनेश राजपूत की पुत्री आकांक्षा राजपूत की विदाई हेलीकॉप्टर से होने पर पूरा क्षेत्र चर्चा में आ गया। भव्य विवाह समारोह और अनोखी विदाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। आकांक्षा राजपूत का विवाह 24 फरवरी की रात्रि ऐतिहासिक मेला गोवर्धन मंदिर परिसर में औरैया जनपद के अजीतमल थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर निवासी सत्येंद्र सिंह राजपूत के पुत्र निर्वेश कुमार राजपूत के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। विवाह एवं जयमाला कार्यक्रम में करीब 25 हजार से अधिक लोगों को निमंत्रण दिया गया था। समारोह में जनपद समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। विवाह समारोह में पूर्व मंत्री बादशाह सिंह, दद्दू प्रसाद, पुष्पेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक अनिल अहिरवार, कप्तान सिंह सहित विभिन्न दलों के कई राजनीतिक व्यक्तित्व मौजूद रहे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई थीं।
विदाई के दौरान चरखारी के डाक बंगला मिनी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर उतारा गया, जहां से आकांक्षा राजपूत अपने पति निर्वेश कुमार राजपूत के साथ हेलीकॉप्टर में सवार होकर विदा हुईं। हेलीकॉप्टर से हुई इस अनोखी विदाई को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हेलीकॉप्टर से हुई यह विदाई पूरे चरखारी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
0 Comments