ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
लखनऊ : सरकारी नौकरी को देश में सुरक्षित और सम्मानजनक करियर माना जाता है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इस धारणा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक महिला अपनी सरकारी नौकरी से जुड़ा दर्द बयां करती नजर आ रही है। महिला का कहना है कि महज 29 साल की उम्र में वह खुद को बूढ़ा महसूस करने लगी है और इसकी वजह उसकी सरकारी नौकरी है। वीडियो में महिला बताती है कि उसे 21 साल की उम्र में सरकारी नौकरी मिल गई थी और वह पिछले 8 वर्षों से लगातार नौकरी कर रही है। हालांकि, इन वर्षों में नौकरी ने उसे आर्थिक सुरक्षा तो दी, लेकिन स्वास्थ्य के मोर्चे पर गंभीर समस्याएं भी दे दीं। महिला के अनुसार, नौकरी के तनाव और अनियमित दिनचर्या के कारण वह सर्वाइकल की समस्या से जूझ रही है। इसके साथ ही उसे माइग्रेन रहता है और कई बार दाहिनी आंख के आगे अंधेरा छा जाता है। आंखों के सामने ब्लैक स्पॉट नजर आने की शिकायत भी उसने बताई।
महिला का कहना है कि लगातार काम का दबाव, समय पर आराम न मिलना और मानसिक तनाव ने उसकी सेहत को बुरी तरह प्रभावित किया है। वह भावुक होकर कहती है कि जिस उम्र में लोग अपने करियर और जिंदगी का आनंद लेते हैं, उसी उम्र में वह खुद को थका हुआ और बीमार महसूस कर रही है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
कई यूजर्स इसे सरकारी नौकरी में बढ़ते तनाव और काम के दबाव का उदाहरण बता रहे हैं, तो कुछ लोग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की जरूरत पर जोर दे रहे हैं। यह मामला एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि सिर्फ नौकरी पाना ही नहीं, बल्कि सेहतमंद तरीके से काम करना भी उतना ही जरूरी है।
0 Comments