Ticker

6/recent/ticker-posts

छात्र की मौत पर परिजनों में उबाल, बस चालक की गिरफ्तारी को लेकर थाने का घेराव....

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : जनपद के पूरामुफ्ती थाना परिसर में गुरुवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब सड़क हादसे में जान गंवाने वाले छात्र पावन के परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए और घेराव कर प्रदर्शन करने लगे। परिजनों की मांग है कि हादसे में शामिल बस और उसके चालक की तत्काल बरामदगी कर गिरफ्तारी की जाए। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे पावन निवासी गौसपुर, जनपद कौशाम्बी बस की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव वापस आने पर परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में उसे लेकर पूरामुफ्ती थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के करीब 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो बस बरामद की गई और न ही चालक को गिरफ्तार किया गया है।

परिजनों का कहना है कि एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पीले रंग की स्कूली बस छात्र को टक्कर मारते हुए निकलती दिखाई दे रही है। इसके बावजूद पुलिस की कार्यवाही संतोषजनक नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे चक्का जाम और उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्यवाही जारी है। बस की बरामदगी और चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। थाना परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

Post a Comment

0 Comments