रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज में नाली के पुराने विवाद को लेकर पहुंचे पुलिस कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शनिवार को मूरतगंज पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ चायल अभिषेक सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। जानकारी के अनुसार संदीपन घाट थाना क्षेत्र के चिटकहना मूरतगंज गांव में पिछले कई महीनों से नाली को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई और पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट की गई। पुलिस की कथित मारपीट से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर ही पुलिस टीम का घेराव कर दिया। अपने को घिरा देख पुलिस टीम ने संदीपन घाट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश शांत नहीं हुआ और उन्होंने मूरतगंज पुलिस चौकी का घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
चौकी के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सीओ चायल अभिषेक सिंह भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते हुए मामले को शांत कराने में जुटे रहे।
0 Comments