ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
लखनऊ : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कुल 958 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। उम्मीदवार अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in या upsconline.nic.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। जारी अधिसूचना के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों में जनरल कैटेगरी के 317, ईडब्ल्यूएस के 104, ओबीसी के 306, एससी के 158 और एसटी के 73 उम्मीदवार शामिल हैं। मुख्य परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों के लिए फरवरी माह में इंटरव्यू आयोजित किए गए थे, जिसके बाद अंतिम परिणाम घोषित किया गया। इस वर्ष राजस्थान के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं राजेश्वरी सुवे ने दूसरा स्थान और एकांश ढुल ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
क्या है अनुज अग्निहोत्री की शिक्षा और पृष्ठभूमि...
टॉपर अनुज अग्निहोत्री मूल रूप से राजस्थान के रावतभाटा के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा यहीं से पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह जोधपुर गए, जहां उन्होंने एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 2023 में एमबीबीएस पूरा करने के बाद उनका रुझान सिविल सेवा की ओर बढ़ा और उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी।
कड़ी मेहनत और लगन के बल पर अनुज ने देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा में पहला स्थान हासिल कर नया मुकाम हासिल किया। बताया जा रहा है कि वर्तमान में वह DANICS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा) में कार्यरत हैं।
0 Comments