Ticker

6/recent/ticker-posts

कुएं में गिरने से किशोरी की मौत, गांव में मचा कोहराम...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : जनपद के नूरपुर हाजीपुर गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव की एक किशोरी कुएं से पानी भरने गई थी, तभी अचानक पैर फिसलने से वह गहरे कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार नूरपुर हाजीपुर गांव निवासी रंजना (20) पुत्री राम तीरथ सोमवार सुबह लगभग आठ बजे घर के लिए पानी लेने गांव के बाहर स्थित कुएं पर गई थी। बताया जा रहा है कि कुएं के पास पानी भरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में जा गिरी। कुएं में पानी काफी गहरा होने के कारण वह उसमें डूब गई। घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किशोरी के कुएं में गिरने की आवाज सुनी तो तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी कोशिश की, लेकिन पानी गहरा होने और पर्याप्त साधन न होने के कारण वे उसे बाहर नहीं निकाल सके। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद किशोरी को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments