ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद के संदीपनघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर गांव से एक नाबालिग लड़की के अचानक लापता होने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि गांव का ही एक युवक लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया है। घटना के बाद से परिजन काफी परेशान हैं और लगातार लड़की की तलाश में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की घर से किसी काम से बाहर निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों को संदेह हुआ कि गांव का ही एक युवक उसे अपने साथ लेकर भाग गया है। इस संबंध में परिजनों ने संदीपनघाट थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की।
मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए और बड़ी संख्या में संदीपनघाट थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाया। इस दौरान कुछ समय के लिए थाने का माहौल भी गरमा गया और कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं और परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया गया था जिसके बाद गायब नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया गया है। वहीं आरोपी को जेल भी भेजा जा चुका है। लेकिन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस मामले में सही कार्यवाही नहीं की है। कई आरोपियों को मामले में बचाने का प्रयास किया गया है।
0 Comments