ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद में कौशाम्बी की सीमा पर स्थित पूरामुफ्ती पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज (गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज) के कक्षा 9 के छात्र करन दिवाकर का खो-खो की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होने से विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। करन ने ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई, बल्कि उन्हें ट्रायल में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब भी दिया गया। विद्यालय में खेल गतिविधियों की शुरुआत करीब तीन वर्ष पूर्व की गई थी। इसके बाद प्रबंधन ने खेलों को बढ़ावा देते हुए खो-खो, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, भाला फेंक, हाई जंप, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और क्रिकेट सहित कई खेलों में छात्रों को प्रशिक्षण देना शुरू किया। कम समय में ही विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विधायक खेल प्रतियोगिता, सांसद खेल प्रतियोगिता, जनपद, मंडल और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई उपलब्धियां हासिल कीं।
इसी क्रम में करन दिवाकर ने भी जनपद, मंडल और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर के चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए ग्वालियर भेजा गया, जहां उन्होंने अपने खेल कौशल से चयनकर्ताओं को प्रभावित कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जगह बना ली। करन दिवाकर के चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय में उत्साह का माहौल बन गया। विद्यालय लौटने पर उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. प्रभु शंकर शुक्ला ने करन को सम्मानित करते हुए आशीर्वाद दिया और कहा कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीत हासिल कर आगे चलकर एशियन गेम्स में भी देश का प्रतिनिधित्व करें।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ करन दिवाकर का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
0 Comments