Ticker

6/recent/ticker-posts

दबंगों ने किया खनन जांच टीम पर हमला, पेट्रोल पंप मालिक समेत कई पर केस दर्ज...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कसेन्दा में अवैध खनन की जांच के दौरान प्रवर्तन टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 28 मार्च की रात करीब 10:55 बजे की बताई जा रही है, जब राजस्व व खनन विभाग की टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। तहरीर के अनुसार, रवाना निरीक्षक शत्रुध्न सिंह अपनी टीम के साथ कसेन्दा स्थित भारत पेट्रोलियम पंप के पास पहुंचे, जहां तीन वाहन (UP70NT5708, UP70PT7317, UP70KT9726) मोरंग लदे खड़े मिले। जब टीम ने चालकों से उपखनिज से संबंधित वैध प्रपत्र (CEMM-11/E-Form C) मांगे, तो वे कोई कागजात नहीं दिखा सके। आरोप है कि इसी दौरान पेट्रोल पंप मालिक अंशु सिंह, मैनेजर हरिओम, शिवम सिंह, अफगान, कर्मचारी बलवंत सिंह समेत करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों ने एकजुट होकर प्रवर्तन टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में निरीक्षक, उनके हमराही व वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा भी उत्पन्न की गई।

घटना के दौरान एक अन्य वाहन (UP70GT4095) बिना वैध परिवहन प्रपत्र के पकड़ा गया, जिसे पुलिस की मदद से थाना पिपरी में खड़ा कराया गया है। वहीं मामले में उपजिलाधिकारी चायल, खनन अधिकारी और तहसीलदार के हस्ताक्षर के साथ तहरीर दी गई है, जिस पर थानाध्यक्ष पिपरी को बीएनएस 2023 व अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अधिकारियों द्वारा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की बात कही जा रही है।

Post a Comment

0 Comments