ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जिले की बेटी शालिनी सरोज ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2026 में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। सराय अकिल थाना क्षेत्र के कनैली मुलायमपुर गांव निवासी शालिनी के आईएएस में चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। शालिनी सरोज ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और संघर्ष के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर कनैली से हुई। इसके बाद उन्होंने हाईस्कूल में 86 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 87 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इंटरमीडिएट की पढ़ाई मधु वाचस्पति इंटर कॉलेज प्रयागराज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक (बीए) और कांशीराम महाविद्यालय फैजुल्लापुर से परास्नातक (एमए) की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 2020 से उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी और पांचवें प्रयास में उन्हें यह बड़ी सफलता मिली है।
शालिनी के पिता राम सुमेर सरोज पुलिस विभाग में तैनात हैं और वर्तमान में सुल्तानपुर जनपद में एसएचओ के पद पर कार्यरत हैं। उनकी माता हेमलता सरोज गृहिणी हैं। शालिनी का एक भाई नवनीत सरोज भी दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। शालिनी की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले में गर्व का माहौल है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं और विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
0 Comments