रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद के सैनी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर धमावा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। प्रॉपर्टी के विवाद में एक नाती ने अपने ही बाबा की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और दहशत का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार रामपुर धमावा गांव निवासी बाबूलाल सरोज की उनके ही नाती ने धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी नाती ने गुस्से में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं इस घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
0 Comments