ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद में कथित दहेज हत्या के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए सच्चाई सामने ला दी है। जिस महिला की हत्या का आरोप लगाकर मायके पक्ष ने हंगामा खड़ा किया था, वह महिला हरियाणा के मानेसर से सकुशल बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देशन में महेवाघाट थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की थी। महिला के लापता होने के बाद उसके पिता ने दामाद पर दहेज के लिए हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया था, जिससे मामला काफी संवेदनशील हो गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से महिला की लोकेशन ट्रैक की। इसके आधार पर पुलिस टीम ने हरियाणा के इंडस्ट्रियल सेक्टर-7, मानेसर से महिला को बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपनी मर्जी से प्रेम प्रसंग के चलते घर छोड़कर गई थी। जांच में दहेज हत्या के लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार पाए गए। इस खुलासे के बाद आरोपी पति को बड़ी राहत मिली है।
वहीं पुलिस ने झूठी तहरीर देकर गुमराह करने और निर्दोष को फंसाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला के पिता, भाई समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
0 Comments