रिपोर्ट-संदीप कुमार
कौशाम्बी : जनपद में थाना संदीपनघाट पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 22 मार्च 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम उजिहिनी खालसा में मोटरसाइकिल की टक्कर को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद को लेकर बाद में एक दुकान पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जहां एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना में दूसरे पक्ष के दो लोग गोली लगने से घायल हो गए थे। फायरिंग के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में पीड़ित नदीम अहमद की तहरीर पर थाना संदीपनघाट में मुकदमा संख्या 66/26 धारा 109(1)/352/351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में बुधवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्त अबू बकर पुत्र मोहम्मद समीम और मोहम्मद अयान पुत्र स्वर्गीय वशी अहमद, निवासी उजिहिनी खालसा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध तमंचे (315 बोर) और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।
0 Comments