ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS-2024) के अंतिम परिणाम में रानीगंज तहसील के भैसोना गांव निवासी अमित कुमार सिंह ने 152वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट कमिश्नर (GST) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वह डॉ. राजीव सिंह के छोटे भाई और विनय कुमार सिंह के पुत्र हैं। अमित की प्रारंभिक शिक्षा गांव से ही हुई। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा। प्रयागराज में Exam Yug 24 संस्थान से तैयारी शुरू करने के बाद उन्होंने दिल्ली में भी अध्ययन किया और लगातार मेहनत व दृढ़ संकल्प के दम पर यह सफलता हासिल की। अमित की इस उपलब्धि से भैसोना गांव में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने जश्न मनाते हुए मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को बधाई दी। गांव के वरिष्ठजनों—राजेंद्र बहादुर सिंह, मुन्नू सिंह, दशरथ सिंह, आर.के. सिंह, संतोष सिंह, अनिल सिंह, ग्राम प्रधान सोनू सिंह, पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, मुलायम सिंह समेत सभी ग्रामवासियों ने अमित को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गांव की बढ़ी पहचान, क्या हैं सफलता का मंत्र...
भैसोना गांव पहले से ही शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और “डॉक्टरों की फैक्ट्री” के रूप में जाना जाता है। अब प्रशासनिक सेवाओं में भी चयन होने से गांव की पहचान और मजबूत हुई है। हर वर्ष यहां से कई छात्र-छात्राएं सरकारी सेवाओं में चयनित होकर गौरव बढ़ा रहे हैं। अमित कुमार सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, निरंतर मेहनत, परिवार के सहयोग और ईश्वर की कृपा को दिया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, लगातार प्रयास ही सफलता की कुंजी है।
वहीं नारायण स्वरूप हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर राजीव सिंह ने कहा कि कठिन संघर्ष ही बड़ी सफलता की नींव होता है। साथ ही Exam Yug 24 के डायरेक्टर डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने इसे सही रणनीति और निरंतर प्रयास का परिणाम बताया। डॉ. सोनिया सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है। अमित कुमार सिंह की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है और यह साबित करती है कि मेहनत और सही दिशा से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
0 Comments