रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : महेवाघाट थाना क्षेत्र के अजरौली गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में मृतक के दो बेटों और पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया कि 28 मार्च की रात नथन सरोज की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में महेवाघाट थाने में मु0अ0सं0 58/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत कलुटिया, लवलेश और झुरई उर्फ बनवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने तत्काल टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से तीनों आरोपियों को लौगावां नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी लवलेश ने बताया कि उसके पिता नथन सरोज की दो शादियां थीं। पहली पत्नी कलुटिया से लवलेश और झुरई उर्फ बनवारी हैं, जबकि दूसरी पत्नी सावित्री देवी हैं। आरोप है कि नथन सरोज ने पहले ही करीब सवा बीघा जमीन दूसरी पत्नी के नाम कर दी थी और शेष ढाई बीघा जमीन भी उनके नाम करने की तैयारी में थे। इसी बात से नाराज होकर दोनों बेटों और उनकी मां ने मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों ने यह भी बताया कि जमीन अपने नाम न होने के कारण उनके विवाह में भी दिक्कत आ रही थी, जिससे वे पिता से लगातार नाराज चल रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है।
0 Comments