Ticker

6/recent/ticker-posts

डीएम के आदेश पर 8 दिन बाद खोदी गई कब्र, नाजिया की मौत पर उठे सवाल...

रिपोर्ट-जैगम हलीम
 
कौशाम्बी : जनपद के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के जाफरपुर महावां गांव में 23 वर्षीय युवती नाजिया की मौत का मामला अब रहस्यमय होता जा रहा है। मृतका की बहन वाकिया द्वारा जिलाधिकारी से की गई शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और दफनाए गए शव को 8 दिन बाद कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को नाजिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उसे उपचार के लिए ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इसके बाद 21 अप्रैल को शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। हालांकि, मृतका की बहन वाकिया ने मौत को संदिग्ध बताते हुए जिलाधिकारी कौशाम्बी से मामले की जांच की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर 29 अप्रैल 2026 को नायब तहसीलदार मंझनपुर की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। मौके पर पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

इस दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। क्षेत्राधिकारी मंझनपुर शिवांक सिंह ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments