रिपोर्ट-घनश्याम कुमार
कौशाम्बी : जनपद के एक गांव में सरकारी राशन वितरण को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जहां कौशाम्बी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत अर्का फतेहपुर के ग्रामीणों ने कोटेदार पर मनमानी, घटतौली और राशन न देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में कई ग्रामीणों ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। शिकायतकर्ता चैतू पुत्र जगन्नाथ, विनीता देवी पत्नी करन, शिमला पत्नी लखन समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार द्वारा उन्हें समय पर राशन नहीं दिया जाता। जब भी वे राशन लेने जाते हैं तो किसी न किसी बहाने से लौटा दिया जाता है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कोटेदार द्वारा राशन वितरण में घटतौली की जाती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब इस संबंध में विरोध किया जाता है या शिकायत की बात कही जाती है तो कोटेदार अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और मारपीट की धमकी देता है। कोटेदार का कहना होता है कि जहां जाना है जाओ, राशन नहीं दूंगा, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से कई बार की जा चुकी है।
लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। इससे कोटेदार के हौसले बुलंद हैं और वह खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी कोटेदार के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है ताकि पात्र लोगों को उनका हक मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
0 Comments