Ticker

6/recent/ticker-posts

व्यापारी पर दबंगों का किया हमला, हालत पुलिस पर निष्क्रियता के आरोप...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 


कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र में एक व्यापारी पर दबंगों द्वारा प्राणघातक हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, बरियावा गांव निवासी रोहित केशरवानी पुत्र इंदोलाल डीजे और रोड लाइट बुकिंग का कार्य करते हैं। बीते 17 अप्रैल को उन्होंने एक कार्यक्रम में डीजे बजाने के दौरान कुछ दबंगों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते 20 अप्रैल की रात करीब 11 बजे जब रोहित बालीपुर टाटा गांव से कार्यक्रम खत्म कर वापस लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन दबंगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।

दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से रोहित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच सड़क पर हुई इस वारदात में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों को सूचना मिलने पर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हमलावरों ने मारपीट के दौरान व्यापारी के डीजे और रोड लाइट उपकरणों में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की सूचना 21 अप्रैल को चरवा थाना पुलिस को दी गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी आक्रोश व्याप्त है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब देखना यह है कि पुलिस कब तक आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करती है और पीड़ित व्यापारी को न्याय मिल पाता है।

Post a Comment

0 Comments