रिपोर्ट-विनय गुप्ता
प्रयागराज : थाना दारागंज क्षेत्र के 48/71 पूरा पड़ाइन मोहल्ले में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तीन भाइयों के बीच संपत्ति और बुजुर्ग मां की देखभाल को लेकर लंबे समय से चल रहा तनाव अब खूनी संघर्ष में बदल गया। मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के सबसे छोटे बेटे मिथुन अपनी करीब 80 वर्षीय मां को अपने साथ एक झोपड़ी में रखकर उनकी सेवा कर रहा है। वहीं, उसके दो बड़े भाई—पहले बहू और बसंतु—पक्के मकान में रहते हैं, लेकिन मां और छोटे भाई को वहां रहने नहीं दे रहे हैं। इसी बात को लेकर भाइयों के बीच विवाद बढ़ता गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बाबू और मिथुन के परिवार के खिलाफ धारा 116 के तहत कार्रवाई की। हालांकि, मिथुन का आरोप है कि इस विवाद में शामिल बसंतु के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वह खुद को न्याय से वंचित महसूस कर रहा है। मोहल्ले में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर 80 वर्षीय बुजुर्ग मां की जिम्मेदारी कौन उठाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में निष्पक्ष जांच कर बुजुर्ग महिला के भरण-पोषण और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments