रिपोर्ट-स्वाति यादव
कौशाम्बी : जनपद में एक बार फिर अवैध बालू खनन का मामला सुर्खियों में है। सराय अकील थाना क्षेत्र के मल्हीपुर घाट पर खंड सीमा से बाहर जाकर बालू खनन किए जाने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस पूरे प्रकरण का एक GPS युक्त वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि खनन माफिया भारी मशीनों का इस्तेमाल कर निर्धारित क्षेत्र से बाहर बालू का उत्खनन कर रहे हैं। यह गतिविधि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल NGT के दिशा-निर्देशों और पर्यावरणीय नियमों का सीधा उल्लंघन मानी जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना प्रशासनिक संरक्षण के इस स्तर पर अवैध खनन संभव नहीं है।
मामले के सामने आने के बाद अब प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जब पूरे मामले के प्रमाण वीडियो के रूप में मौजूद हैं, तो कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है। वायरल वीडियो ने प्रशासन की चुप्पी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में सख्त कदम उठाते हैं या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
0 Comments