रिपोर्ट-राजकुमार
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के काशिया पश्चिम गांव में शनिवार सुबह एक बाइक मिस्त्री द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार काशिया पश्चिम गांव निवासी बालकृष्ण 28 वर्ष पुत्र कामता प्रसाद उर्फ सीताराम जीटी रोड स्थित कामधेनु फिलिंग स्टेशन के सामने सर्विस रोड पर मोटरसाइकिल पंचर बनाने और धुलाई का काम करते थे। वह अपने परिवार के साथ घर में रहते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात उन्होंने घर के पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने बताया कि बालकृष्ण मानसिक रूप से असंतुलित रहते थे। सूचना मिलने पर कोखराज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
0 Comments