Ticker

6/recent/ticker-posts

गौसपुर गांव में जिलाधिकारी ने लगाई चौपाल, समस्याओं का मौके पर निस्तारण...

रिपोर्ट-वीरेन्द्र कुमार 


कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉक्टर अमित पाल ने गांव की समस्या गांव में समाधान अभियान के तहत विकास खंड मूरतगंज के ग्राम गौसपुर में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने राशन, पेंशन, आवास, शौचालय, पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिन पर जिलाधिकारी ने तत्परता से कार्रवाई करने को कहा। जिलाधिकारी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पुष्टाहार, पेंशन, कन्या सुमंगला, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए। उन्होंने विद्यालयों की स्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और शिक्षण कार्य के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली, जिस पर संतोषजनक स्थिति सामने आई। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं और बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही, उप कृषि निदेशक को विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत हुए कार्यों का सत्यापन कर रिपोर्ट देने को कहा। स्वयं सहायता समूहों और “लखपति दीदी” योजना की समीक्षा करते हुए महिलाओं को अधिक से अधिक योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।

जल जीवन मिशन के तहत अधिशासी अभियंता जल निगम द्वारा जलापूर्ति की जानकारी देने पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गांव के सभी छूटे घरों को शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। चौपाल में बताया गया कि गांव में 55 वृद्धावस्था पेंशन और 64 निराश्रित महिलाओं को पेंशन मिल रही है, जबकि 22 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं और 42 परिवारों का आवास योजना के तहत सर्वे किया गया है।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। चौपाल के आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments