रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के चलते 4 साल के मासूम बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस की तत्परता से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है, जबकि आरोपी पिता फरार बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, कोखराज थाना क्षेत्र के बघेलापुर निवासी गुड्डू गुरुवार को अपने 4 वर्षीय नाती मोहम्मद अब्दुल्ला को भरवारी स्थित स्कूल छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही वे लाटपुर गांव के पास पहुंचे, तभी स्विफ्ट कार सवार नकाबपोश युवक आए और बच्चे को छीनकर फरार हो गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित नाना ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चे के माता-पिता के बीच वैवाहिक संबंध विच्छेद हो चुका है और बच्चा अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहा था।
पुलिस को शक हुआ कि घटना में बच्चे के पिता का हाथ हो सकता है। एसपी सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान एक टीम ने आरोपी पिता के घर से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता बच्चे को घर पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
0 Comments