रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के महंगांव पुलिस चौकी के सामने जीटी रोड किनारे खड़ी जब्त गाड़ियों में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई वाहन धू-धू कर जलने लगे। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में सीज की गई करीब 8 से 10 चार पहिया गाड़ियां चौकी के सामने खड़ी थीं। इन्हीं के बीच अचानक आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में बैटरी रिक्शा, एक विक्रम और अन्य वाहन भी आ गए। जब तक आग बुझाने की कोशिश की जाती, तब तक अधिकांश गाड़ियां बुरी तरह जल चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक भारी नुकसान हो चुका था और कई वाहन पूरी तरह खाक हो गए। पुलिस की सुपुर्दगी में खड़ी गाड़ियों में इस तरह आग लगने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी के सामने खड़ी गाड़ियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की थी, लेकिन इसके बावजूद इतनी बड़ी घटना हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आग किन परिस्थितियों में लगी।
इस अग्निकांड से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं जली हुई गाड़ियों की सही संख्या को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
0 Comments