रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के चाकवन चौराहे पर शनिवार को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार लोग दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार संदीपन घाट गंगा नदी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने लापरवाहीपूर्वक कोखराज की तरफ जा रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसमें बैठी सवारियां नीचे दब गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक राकेश गौतम निवासी रूपनारायणपुर सैलाबी समेत एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को डायल 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य सवारियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सूचना पर पहुंची कोखराज पुलिस ने चार पहिया वाहन और उसके चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक दोनों वाहन चालक एक-दूसरे को ड्राइविंग सिखा रहे थे और उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
0 Comments