रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में 15 अप्रैल को कोखराज थाना क्षेत्र के हाईवे किनारे बक्से में मिली महिला की लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने मृतका के पति सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या के पीछे दूसरी शादी, पारिवारिक दबाव और सामाजिक बदनामी का डर मुख्य वजह बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को हाईवे किनारे एक संदिग्ध बक्सा मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। बक्सा खोलने पर उसमें करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर मृतका की पहचान मोनी वर्मा के रूप में की।
जांच में सामने आया कि मोनी वर्मा, कानपुर नगर निवासी हर्ष खियानी उर्फ बिट्टू की दूसरी पत्नी थी। आरोपी ने परिवार से छिपाकर मंदिर में शादी की थी। बताया जा रहा है कि मोनी लगातार हर्ष पर अपने साथ घर चलने का दबाव बना रही थी, जिससे आरोपी परेशान था। इसी के चलते उसने हत्या की साजिश रची। हर्ष ने पहले बाजार से एक बक्सा खरीदा और फिर मौका पाकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने साथी यश गुप्ता को पैसों का लालच देकर शव को ठिकाने लगाने में शामिल किया।
दोनों आरोपियों ने शव को कार से कौशाम्बी लाकर हाईवे किनारे फेंक दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
0 Comments