Ticker

6/recent/ticker-posts

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पति पर दहेज हत्या का आरोप...

रिपोर्ट-स्वाति यादव 

प्रयागराज‌ : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी गांव में गुरुवार को एक विवाहिता का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार बताए जा रहे हैं। मृतका के भाई नवाब अहमद पुत्र अब्दुल जब्बार निवासी मलाक मोहीउद्दीनपुर, थाना संदीपन घाट ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बहन को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था। पति द्वारा गाड़ी और नकदी की मांग की जाती थी, जिसे उन्होंने पूरा भी किया, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई। आरोप है कि आए दिन मारपीट की जाती थी। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि विवाहिता फांसी पर लटकी हुई है। मौके पर पहुंचने पर देखा कि शव फंदे से लटका हुआ था और ससुराल पक्ष के लोग घर से गायब थे। इसके बाद भाई ने स्थानीय थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही थाना पूरामुफ्ती पुलिस फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंची और नियमानुसार पंचायतनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Post a Comment

0 Comments