ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद के चायल तहसील अंतर्गत सरैया मनौरी वार्ड नंबर पांच निवासी एक विकलांग विधवा महिला ने बसपा से जुड़े एक स्थानीय नेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता श्रीमती गुड्डी देवी पत्नी स्वर्गीय जिया लाल ने बताया कि प्रयागराज मंडल के कथित प्रभारी सतीश जाटव निवासी ट्रांसपोर्ट नगर प्रयागराज ने उनसे करीब 2 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि आरोपी ने 15 दिन के भीतर रकम लौटाने का वादा किया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी पैसे वापस नहीं किए। पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो सतीश जाटव और उसके सहयोगियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
इतना ही नहीं, महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उनके जमीन के कागजात अपने पास रख लिए हैं और अब अतिरिक्त 50 हजार रुपये की मांग कर रहा है। पैसे देने से इनकार करने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है, जिससे परिवार भयभीत है। गुड्डी देवी ने बताया कि उन्होंने अपने पति की तेरहवीं के लिए जो पैसे जमा किए थे, वही रकम आरोपी द्वारा ले ली गई। अब वह न्याय के लिए दर-दर भटक रही हैं।
उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि सतीश जाटव दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है जो पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है। पुलिस से अपेक्षा की जा रही है कि शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।
0 Comments