रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र के जमलामऊ गांव में सरकारी जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आरोप है कि जहां एक ओर लंबे समय से सरकारी जमीन पर बड़े पैमाने पर कब्जा जमाए भूमाफियाओं के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, वहीं दूसरी ओर एक गरीब व्यक्ति की झोपड़ी पर बुलडोजर चलाकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव में एक गरीब व्यक्ति अपने परिवार के साथ झोपड़ी बनाकर रह रहा था। इसी दौरान लेखपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कथित रूप से बिना पूर्व नोटिस दिए झोपड़ी हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर करीब 10 पुलिसकर्मी मौजूद थे, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद मामला और उलझ गया है।
लेखपाल ने आरोप लगाया है कि पीड़ित ने उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। वहीं पीड़ित ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मौके पर पुलिस की मौजूदगी में ऐसा कोई व्यवहार नहीं किया गया। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि सरकारी जमीन से कब्जा हटाना है तो सभी पर समान रूप से कार्यवाही होनी चाहिए, न कि केवल गरीबों को निशाना बनाया जाए।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं और क्या निष्पक्ष जांच कराई जाती है।
0 Comments