Ticker

6/recent/ticker-posts

गैस सिलेंडर में हुआ भयानक धमाका, अधेड़ महिला गंभीर रूप से झुलसी...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 


कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर सुधवर गांव में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए विस्फोट से एक अधेड़ महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कलावती पत्नी बुधनाथ के घर पर उनकी बहू सराध्या देवी सुबह रसोई में चाय बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग लगते ही घर में हड़कंप मच गया और परिजन मदद के लिए चिल्लाने लगे। बताया जा रहा है कि आग को काबू करने के प्रयास में कलावती घर का सामान बाहर निकाल रही थीं। इसी बीच अचानक सिलेंडर में तेज धमाका हो गया, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गईं।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल एम्बुलेंस की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से लोगों को गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Post a Comment

0 Comments