रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एचएलओ के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए महोबा जनपद में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी गजल भारद्वाज तथा अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी कुंवर पंकज ने की। इस दौरान राजस्व विभाग के समस्त कर्मचारी एवं अधिकारियों के साथ व्यापार कर, आबकारी, स्टाम्प विभाग तथा अधिवक्ताओं को जनगणना-2027 के लिए स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार की ओर से निर्धारित 15 दिनों की अवधि में नागरिक स्वयं पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए उपयोगकर्ता मार्गदर्शिका भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे आमजन आसानी से स्व-गणना कर सकें। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को स्वयं स्व-गणना कराई गई तथा उन्हें आम जनता के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने कहा कि स्व-गणना व्यवस्था से जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीकी रूप से सशक्त बनेगी। उन्होंने सभी विभागों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
0 Comments