रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जिले में सक्रिय भैंस चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार की भोर में मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के पतौना पुल के पास पुलिस और भैंस चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच भैंसें, तमंचे, कारतूस, नकदी और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जिले में लगातार भैंस चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में मंझनपुर पुलिस को सूचना मिली कि भैंस चोर गिरोह पतौना पुल के रास्ते से गुजरने वाला है। सूचना पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिलशाद और राज नामक दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। मौके से तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचा 315 बोर, चार खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, 10,300 रुपये नकद, चोरी की पांच भैंसें और एक पिकअप वाहन बरामद किया है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कई भैंस चोरी की वारदातों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 29/30 अप्रैल 2026 की रात ग्राम बंधवा रजबर और ग्राम भेलखा से भैंस चोरी की थी। इसके अलावा 24 मार्च 2026 को थाना कौशाम्बी क्षेत्र के ग्राम गुरौली से एक भैंस और उसका बच्चा भी चोरी किया था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि पिकअप में लदी भैंसें अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
0 Comments