रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जिले में पुलिस ने मानव तस्करी से जुड़े एक गिरोह का खुलासा करते हुए दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक नाबालिग छात्रा को भी सकुशल बरामद कर लिया है, जो मार्च माह में परीक्षा देने जाते समय लापता हो गई थी। पुलिस के अनुसार, कोखराज थाना क्षेत्र की रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा 25 मार्च को परीक्षा देने गई थी, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गई। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसपी सत्यनारायण प्रजापत के निर्देशन में गठित टीम ने सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से छात्रा को कासगंज जनपद से बरामद किया।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने कब्जे में रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस का आरोप है कि बाद में उसे पैसों के बदले दूसरे व्यक्ति को बेच दिया गया। मामले में पुलिस ने सुमित कुमार निवासी कासगंज, मंजू उर्फ फूलमती, अनुराधा, शाहरुख हुसैन तथा अंशु जाटव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी लड़कियों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जिसके बाद उन्हें वहीं से जेल भेज दिया गया।
0 Comments