ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के चायल चौकी अंतर्गत महमूदपुर मनौरी बाजार स्थित महर्षि दयानंद चौराहा के पास बुधवार दोपहर एक गैरेज में खड़ी दो लग्जरी कारों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे और पूरी तरह राख हो गए। घटना में करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मनौरी बाजार निवासी भाजपा नेता मनोज केसरवानी और अधिवक्ता मनीष केसरवानी के छोटे भाई अधिवक्ता अनूप केसरवानी अपनी एमजी हेक्टर कार को बुधवार दोपहर करीब दो बजे गैरेज में खड़ी कर घर चले गए थे। गैरेज में पहले से एक एक्सयूवी 700 कार खड़ी थी। कुछ ही देर बाद अचानक गैरेज से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि दोनों कारें आग की चपेट में आ चुकी थीं। आग इतनी विकराल थी कि स्थानीय लोग तत्काल उसे बुझाने में असफल रहे। सूचना मिलते ही चायल चौकी इंचार्ज मनीष पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों लग्जरी वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके थे।
प्रारंभिक तौर पर भीषण गर्मी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस गैरेज में वाहन खड़े थे वहां टीन शेड लगा था, लेकिन बिजली की कोई व्यवस्था नहीं थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
0 Comments