रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जनपद के थाना मंझनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चक थाम्भा में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी खोदाई के दौरान अचानक मिट्टी का ढेर भरभराकर ढह गया, जिसकी चपेट में आकर 7 साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में गीता राजपूत और उत्तरा देवी सहित एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घायलों में एक महिला और एक बच्चा की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही थाना मंझनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्य नारायण और जिलाधिकारी अमित पाल स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के समुचित एवं शीघ्र उपचार के निर्देश दिए।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
0 Comments