Ticker

6/recent/ticker-posts

आलमचंद्र में पूर्व प्रधान पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने मारी गोली...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पूर्व प्रधान पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार आलमचंद्र गांव निवासी पूर्व प्रधान मनोज कुमार पुत्र सुंदरलाल विश्वकर्मा रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। वह अभी कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और नजदीक से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस के जरिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। थाना प्रभारी संदीपन घाट इंद्रदेव ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मामले के शीघ्र खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments