रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चाकथामा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की पुताई के लिए तालाब किनारे मिट्टी निकाल रही महिलाओं पर अचानक मिट्टी का टीला ढह गया, जिससे दर्जनों महिलाएं उसके नीचे दब गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मिट्टी में दबी महिलाओं को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी समेत तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान उत्तरा देवी, गीता देवी और बिट्टी के रूप में हुई है। घटना में घायल अन्य महिलाओं को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि गांव की कई महिलाएं रोज की तरह तालाब के किनारे से घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी निकाल रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और वहां मौजूद महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में एसडीएम मंझनपुर आकाश सिंह ने बताया कि मिट्टी का टीला ढहने से तीन लोगों की मौत हुई है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
0 Comments