Ticker

6/recent/ticker-posts

दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूर की मौत, बेकाबू स्कूली बस ने मारी टक्कर...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : जनपद के गरौली चौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सोनवारा गांव के पास सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार स्कूली बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मिली जानकारी के अनुसार, जहांगीर का पुरवा निवासी पिंटू 40 पुत्र रामचंद्र सुबह बाइक से काम पर जा रहा था। जैसे ही वह सोनवारा गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिंटू दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद बस कुछ दूरी पर रुक गई, लेकिन चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बस में कोई स्कूली बच्चे सवार नहीं थे, क्योंकि बस बच्चों को लेने जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार बस चालक की तलाश जारी है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी सुनीता देवी, दो बेटियां करिश्मा व रेशमा और एक बेटा राज को छोड़ गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments