ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के हर्ररायपुर पुलिस चौकी में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मोबाइल चोरी और छिनैती के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए संदिग्धों को छुड़ाने के लिए बड़ी संख्या में लोग चौकी पहुंच गए। बताया जा रहा है कि पुलिस कुछ युवकों को पूछताछ के लिए चौकी पर बैठाए हुए थी। इसी बीच उनके परिजन और गांव के करीब दो दर्जन से अधिक महिलाएं अचानक चौकी पहुंच गई और देखते ही देखते माहौल उग्र हो गया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और जबरन चौकी में घुसकर हिरासत में बैठे आरोपितों को छुड़ा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने चौकी परिसर में जमकर हंगामा किया, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूत्रों के मुताबिक, उपद्रव में शामिल लोग कोइलहा गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस अब वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। जल्द ही सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस से अभद्रता और आरोपितों को छुड़ाने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की बात कही जा रही है।
पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल...
इस घटना के बाद पुलिस व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद क्यों नहीं था और स्थिति बिगड़ने के बावजूद समय पर अतिरिक्त फोर्स क्यों नहीं बुलाई गई। वहीं महिला पुलिस कर्मियों की अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ वायरल वीडियो में चौकी परिसर में अव्यवस्था और पुलिस कर्मियों के व्यवहार को लेकर भी चर्चा हो रही है, हालांकि इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस पक्ष का बयान आया सामने...
पुलिस का कहना है कि सघन चेकिंग अभियान के दृष्टिगत दिनांक 04 मई 2026 को चौकी प्रभारी हर्रायपुर द्वारा पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेंकिग की जा रही थी। इसी दौरान मोटर साइकिल सवार 03 संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर चेक किया गया तो उनके कब्जे से एक संदिग्ध मोबाइल बरामद हुआ, मौके पर मोबाइल को उनके द्वारा चोरी का होना स्वीकार किया गया। जिसके बाद उक्त संदिग्ध व्यक्तियों को चौकी हर्रायपुर पर लाकर पूछताछ एवं जांच की जा रही थी। इसी दौरान उनके परिजन एवं कुछ अन्य ग्रामीण चौकी पर आकर हंगामा एवं धक्का-मुक्की करते हुए तीनों संदिग्ध व्यक्तियों को जबरन छुड़ा ले गए।
उक्त आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा से बल पूर्वक छुड़ा ले जाने के संबंध में थाना संदीपनघाट में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही जाएगी।
0 Comments