Ticker

6/recent/ticker-posts

गोलीकांड के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, हर्रायपुर इंचार्ज पर कार्यवाही की मांग...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत हररायपुर पुलिस चौकी के पास हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा अब पुलिस प्रशासन पर फूट पड़ा है। पूर्व प्रधान पर हुए जानलेवा हमले ने इलाके में दहशत फैला दी है, वहीं ग्रामीणों ने चौकी स्तर पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही थीं, जिसकी शिकायतें भी पुलिस को दी गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। आरोप है कि यदि समय रहते चौकी इंचार्ज द्वारा सख्ती दिखाई जाती, नियमित गश्त होती और संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। आलमचंद गांव सहित आसपास के ग्रामीणों ने खुलकर कहा कि चौकी इंचार्ज की निष्क्रियता के चलते बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए। लोगों का यह भी आरोप है कि पहले मिली शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिससे अपराधियों को खुली छूट मिलती रही।

घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की केवल जांच न कराई जाए, बल्कि जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जब तक लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही नहीं होगी, तब तक इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला किसी पुरानी रंजिश का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच आम जनता के मन में एक बड़ा सवाल बना हुआ है कि आखिर इतनी बड़ी वारदात से पहले पुलिस क्या कर रही थी। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और क्या वाकई दोषियों पर कार्यवाही कर जनता का भरोसा बहाल कर पाते हैं।

Post a Comment

0 Comments