Ticker

6/recent/ticker-posts

सराय अकील की सड़कों पर मौत का पानी, जलभराव से लोग परेशान...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : चायल सर्किल के सराय अकील नगर पंचायत क्षेत्र में हुई बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। पटेल चौराहा से लेकर रंग कॉलोनी तक की सड़कें जलभराव की चपेट में आ गई हैं। हालात ऐसे हैं कि सड़कें तालाब में तब्दील नजर आ रही हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चंद घंटों की बारिश के बाद जगह-जगह पानी भर जाने से सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं। कीचड़ और फिसलन के चलते बाइक सवार आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हर वर्ष बारिश में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या के स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि पटेल चौराहा, मुख्य बाजार मार्ग और रंग कॉलोनी के आसपास जलभराव की स्थिति सबसे अधिक गंभीर है।

पानी जमा रहने से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। व्यापारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है, क्योंकि ग्राहक बाजार आने से कतरा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Post a Comment

0 Comments