रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में दबंगों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। कोखराज थाना क्षेत्र के टेढ़ीमोड़ गांव में मंगलवार को पूर्व प्रधान रामनरेश पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार गांव के ही कुछ दबंगों ने पुरानी रंजिश के चलते रामनरेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष ने सत्यम, पंकज और अंगद नामक युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कोखराज थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
0 Comments