Ticker

6/recent/ticker-posts

गौशाला विकास कार्यों में धांधली का आरोप, गौरक्षा दल ने डीएम से की शिकायत...

रिपोर्ट-अशीष विश्वकर्मा 

महोबा : जिले के कबरई विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गहरा की गौशाला में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। गौरक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने गौशाला में वॉटर फिटिंग और इंटरलॉकिंग कार्य में लाखों रुपये की अनियमितता का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि ग्राम पंचायत गहरा की गौशाला में वॉटर फिटिंग कार्य के नाम पर 68 हजार रुपये तथा इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य के नाम पर 84 हजार रुपये की धनराशि निकाली गई, लेकिन मौके पर कार्य मानकों के अनुरूप नहीं कराया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि धरातल पर केवल खानापूर्ति की गई है, जबकि सरकारी धन का बंदरबांट कर लिया गया। गौरक्षा दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि ग्राम सचिव संतोष कुमार सिंह और ग्राम प्रधान रामकृष्ण कुशवाहा ने मिलीभगत कर सरकारी धन का गबन किया है।

मामले को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। बीते 16 मई 2026 को गौरक्षा दल के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग उठाई गई है।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि गौवंश संरक्षण और गौशाला विकास के लिए सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन यदि योजनाओं में इसी तरह भ्रष्टाचार होता रहा तो इसका सीधा असर गौवंश की व्यवस्था पर पड़ेगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में जांच कराए जाने की बात कही जा रही है। 

Post a Comment

0 Comments