रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के नौवापुर गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक घर में रखे कूलर में पानी डाल रहा था। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार नौवापुर गांव निवासी मुकेश कुमार पुत्र स्वर्गीय बनवारी लाल रविवार सुबह घर में रखे कूलर में पानी डाल रहा था। इसी दौरान कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। अचानक हुई घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन तत्काल उसे तिल्हापुर मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सबसे भावुक बात यह रही कि मृतक की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। उसकी पत्नी ज्योति ने शनिवार रात एक बेटे को जन्म दिया था। बेटे के जन्म से परिवार में खुशियों का माहौल था और घर में जश्न की तैयारियां चल रही थीं लेकिन अगले ही दिन मुकेश की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
0 Comments