Ticker

6/recent/ticker-posts

मीरपुर में भव्यता के साथ आयोजित हुआ मेला, पहलवान बाबा की श्रद्धा में उमड़ी भक्तों की भीड़...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : जिले के मीरपुर गांव में वैष्णो सेवा समिति के तत्वावधान में पहलवान बाबा का भव्य मेला एवं धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि एवं खुशहाली का आशीर्वाद प्राप्त किया। यह आयोजन ग्राम मीरापुर स्थित गेस्ट हाउस परिसर में बने पहलवान बाबा मंदिर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने बाबा के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहा। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भंडारे और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया। मंदिर के संचालक एवं पुजारी रामजी साहू ने बताया कि उन्हें बचपन में बकरी चराने के दौरान पहलवान बाबा के दर्शन हुए थे। उसी समय बाबा ने उन्हें अपनी शरण में लिया और उनके जीवन को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि बाबा की कृपा से आज लाखों श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं तथा उनकी आस्था दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।

उन्होंने बताया कि बाबा के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा है और हर वर्ष बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। मेले के अवसर पर भव्य जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन भी किया गया। भजन गायकों और गायिकाओं ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे। वहीं विभिन्न धार्मिक झांकियों ने भी लोगों का मन मोह लिया। आकर्षक झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे और कार्यक्रम की सराहना की। आयोजन को सफल बनाने में वैष्णो सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष ताराचन्द्र साहू, उपाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष एवं संचालक रामजी साहू, महामंत्री आनन्द सिंह, मंत्री राम प्रकाश कुशवाहा, अमन साहू, मीडिया प्रभारी संजय यादव, सदस्य जय प्रकाश पाण्डेय, ओम जी, कल्लू साहू, आकाश प्रजापति, थालनी साहू, संगीता साहू, विवेक वर्मा, दिलीप प्रजापति तथा पिंटू पाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला यह आयोजन क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने इसे सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन बताया है।

Post a Comment

0 Comments