Ticker

6/recent/ticker-posts

पत्नी का हत्यारा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, अवैध तमंचा कारतूस हुआ बरामद...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : महेवाघाट थाना क्षेत्र के घोघपुरवा गांव में पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, 2 जून को घोघपुरवा गांव निवासी शिवभोला निषाद ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी माया देवी (45) की गला दबाकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस टीम शाहपुर मोड़ के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर हरभजन बाबा मंदिर, बैरागीपुर के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, घिर जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवभोला निषाद पुत्र नत्थू निषाद निवासी घोघपुरवा, थाना महेवाघाट के रूप में हुई। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, 315 बोर, तीन खोखा कारतूस पिस्टल तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, शिवभोला निषाद का आपराधिक इतिहास भी रहा है।

वर्ष 2015 में दर्ज एक हत्या के मामले में उसे एडीजे-07 न्यायालय, कौशाम्बी द्वारा वर्ष 2023 में आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई गई थी। वह वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से पत्नी हत्या कांड का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।

Post a Comment

0 Comments