Ticker

6/recent/ticker-posts

ऊनो गांव में युवक ने खुद को मारी गोली, जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के ऊनो गांव में एक युवक द्वारा खुद को गोली मार लेने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, ऊनो गांव निवासी महेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डन ने कथित रूप से तमंचे से स्वयं को गोली मार ली। गोली लगने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना मिलते ही मंझनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से कथित तमंचा भी बरामद किया है।

फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक के पास तमंचा कहां से आया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments