रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : तहसील महोबा में शनिवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुखबीर सिंह तथा उपजिलाधिकारी शिवध्यान पांडे के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं। तहसील महोबा में कुल 115 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं तहसील चरखारी में उपजिलाधिकारी धीरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में 41 शिकायतों में से 2 तथा तहसील कुलपहाड़ में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) सूर्यकांत त्रिपाठी की अध्यक्षता एवं उपजिलाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार की उपस्थिति में 54 शिकायतों में से 4 का तत्काल निस्तारण किया गया। जिले की तीनों तहसीलों में कुल 210 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21 का मौके पर समाधान किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत का निस्तारण करने से पहले संबंधित फरियादी से बातचीत अवश्य की जाए। यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है तो शिकायत को निस्तारित नहीं माना जाएगा।
डीएम ने आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि इन मामलों की नियमित समीक्षा मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।
यदि किसी स्तर पर फर्जी निस्तारण या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। साथ ही लेखपालों को निर्देशित किया कि गांवों में भ्रमण के दौरान दिग्गी पिटवाकर ग्रामीणों को सूचना दें, उनकी समस्याएं सुनें और छोटी शिकायतों का मौके पर निस्तारण करें। बड़ी समस्याओं की जानकारी तत्काल संबंधित उपजिलाधिकारी को उपलब्ध कराएं।
0 Comments