रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : मंझनपुर थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पुलिस ने खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 50 हजार रुपये नकद, सोना-चांदी की सिल्ली, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपियों को जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, 27 जून को भड़ेसर निवासी सर्राफा व्यापारी गणेश प्रसाद सोनी समदा चौराहे स्थित अपनी ज्वेलरी की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनका मोबाइल, ज्वेलरी, नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया था। मामले में मंझनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देशन में चार टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर मंगलवार को मंझनपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कोरों रोड पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बाइक सवार दो संदिग्ध भागने लगे और बाइक फिसलने के बाद खेतों की ओर दौड़ पड़े। पुलिस के पीछा करने पर दोनों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्यवाही में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंचू सोनी उर्फ देवेश सोनी उर्फ देवेश वर्मा निवासी करैटी रोड, कुण्डा (प्रतापगढ़) तथा राजाराम उर्फ रामराज यादव निवासी मौनस का पुरवा भदरी, थाना कुण्डा (प्रतापगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस ने अंचू के कब्जे से दो चांदी की सिल्ली, 25 हजार रुपये, लूटा गया वीवो मोबाइल तथा एक अन्य मोबाइल बरामद किया। वहीं राजाराम के पास से एक सोने की सिल्ली, एक चांदी की सिल्ली, 25 हजार रुपये और एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ। दोनों के पास से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस भी मिले। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ प्रतापगढ़, प्रयागराज और आसपास के जनपदों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।
लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों को कुण्डा में गलवाकर सिल्ली बनवा देते थे और बिक्री से मिले रुपये आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि 26 जून को भी सर्राफा व्यापारी की रेकी की थी, लेकिन वारदात नहीं कर सके थे। अगले दिन योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतापगढ़, प्रयागराज और महोबा समेत विभिन्न जिलों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार साथी की तलाश में जुटी है।
0 Comments