Ticker

6/recent/ticker-posts

वॉलीबॉल खिलाड़ी रौनक को किया गया सम्मानित, जिलाधिकारी ने दिया प्रोत्साहन पुरस्कार...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जनपद महोबा की उभरती हुई वॉलीबॉल खिलाड़ी कुमारी रौनक ने खेल जगत में जिले का नाम रोशन किया है। खरेला निवासी रौनक का चयन उत्तर प्रदेश के खेल विभाग द्वारा संचालित प्रदेश के एकमात्र आवासीय वॉलीबॉल बालिका छात्रावास, अयोध्या में हुआ है। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज के निर्देश पर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के माध्यम से कुमारी रौनक को 5 हजार रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार चेक के माध्यम से प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने रौनक को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महोबा का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप गुप्ता ने जिलाधिकारी को रौनक की खेल उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रौनक ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। इस अवसर पर काशी प्रसाद इंटर कॉलेज खरेला के प्रबंधक शांशाक गुप्ता, प्रधानाचार्य, खेल शिक्षक नरेंद्र पाठक, रौनक के पिता हबीब मोहम्मद, बैडमिंटन कोच कुणाल पाटकार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments